कई हॉटस्पॉट ग्राउंड में सशस्त्र बलों के साथ उतरी पुलिस, PA सिस्टम से दी गई सख्त चेतावनी- ‘सुधर जाएं, वरना होगी कड़ी कार्रवाई’
हजारीबाग, न्यूज स्केल: झारखंड के हजारीबाग जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वालों, हुड़दंगियों और नशाखोरी करने वालों की अब खैर नहीं है। जिले के दारू थाना क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और हुड़दंग की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ा ‘स्ट्राइक’ किया है। पुलिस निरीक्षक (दारू अंचल) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर सशस्त्र बलों के साथ क्षेत्र के विभिन्न हॉटस्पॉट (Hotspot) इलाकों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों के जुटने की सूचना पर पुलिस टीम ने एक साथ कई मैदानों में अचानक दबिश दी। यह बड़ी कार्रवाई मुख्य रूप से: शिशु विद्या मंदिर के पीछे स्थित ग्राउंड, बासोबर ग्राउंड, हरली ग्राउंड, झुमरा स्टीफन स्कूल ग्राउंड में की गई। अचानक भारी पुलिस बल को देखकर इन इलाकों में मजमा लगाए असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया और कई लोग भाग खड़े हुए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों को PA सिस्टम (माइक) के माध्यम से सख्त चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट हिदायत दी है कि युवा नशाखोरी, अड्डेबाजी (अड़ाबाजी) और किसी भी प्रकार के हुड़दंग से दूर रहें, अन्यथा जेल जाने के लिए तैयार रहें। इस सघन अभियान के दौरान पुलिस ने बासोबर ग्राउंड से नशा करते हुए दो नशेड़ियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दोनों को पकड़कर थाना लाया गया है और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई से पुलिस ने क्षेत्र के असामाजिक तत्वों को साफ संदेश दे दिया है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दारू पुलिस का कहना है कि नशाखोरी और हुड़दंग के खिलाफ यह सघन छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





















Total Users : 931041
Total views : 2680272