कथा व्यास ने सृष्टि रचना और वैराग्य के मर्म को समझाया, 28 अप्रैल को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ होगा दिव्य महायज्ञ का समापन
सिमरिया (चतरा), न्यूज स्केल: झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुंडरा में इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। यहां आयोजित ‘श्रीमद् भागवत कथा महायज्ञ’ पूरे क्षेत्र में सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा और आध्यात्मिक चेतना जागृत करने का एक प्रमुख केंद्र बन गया है। कलश यात्रा, विधिवत मंडप पूजन और हरिनाम संकीर्तन के साथ शुरू हुए इस अनुष्ठान से पूरे इलाके में भक्ति की अलख जल उठी है। महायज्ञ के तीसरे दिन कथा व्यास (भागवत भ्रमर) मृत्युंजय मिश्र जी ने अपने मुखारविंद से संगीतमय कथा का रसपान कराया। उन्होंने ब्रह्मा जी के जन्म, सृष्टि की रचना, भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य के महत्व पर विस्तृत व्याख्या की। इसके साथ ही जब उन्होंने बालक ध्रुव के अपमान, उनकी कठोर तपस्या और भगवान से साक्षात्कार का प्रेरणादायक प्रसंग सुनाया, तो पंडाल में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा वातावरण कृष्ण के जयकारों व भक्तिरस से सराबोर हो गया।
Also Read: गोवा में भक्ति का सैलाब: सात दिवसीय ‘सतचंडी महायज्ञ’ का भव्य समापन
कथा वाचन के दौरान विद्वान पंडितों ने बताया कि सनातन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण मात्र से व्यक्ति के जीवन के पापों का नाश होता है। इससे मन को असीम शांति मिलती है और शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह पावन कथा मानव को सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है, इसीलिए इसे ‘मोक्षदायिनी’ माना गया है। यह आयोजन 21 अप्रैल से शुरू हुआ है और 27 अप्रैल तक प्रतिदिन जारी रहेगा। दिन में कथा परायण और संध्या 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। 28 अप्रैल 2026 को पूर्णाहुति, हवन और एक विशाल भंडारे (महाप्रसाद) के साथ इस दिव्य महायज्ञ का विधिवत समापन होगा।
इस पुनीत आयोजन के मुख्य यजमान अंजना देवी एवं परमानंद शर्मा हैं। कथा वाचन का मुख्य दायित्व विद्वान कथावाचक पंडित अनुज पाठक तथा कथा व्यास मृत्युंजय मिश्र निभा रहे हैं। यह पूरा आयोजन गिरिजानंद पंडित परिवार के सौजन्य से संपन्न हो रहा है, जिसे लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।



















Total Users : 930140
Total views : 2679009