सिमरिया और गिद्धौर में शतचंडी महायज्ञ का भव्य शुभारंभ
सिमरिया/गिद्धौर (चतरा): चतरा जिले के सिमरिया और गिद्धौर प्रखंडों में शनिवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां नवनिर्मित मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा एवं श्री श्री 1008 शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्राओं के साथ किया गया।
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया प्रखंड के ग्राम गोवा में शनिवार को नवनिर्मित मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं सतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश शोभा यात्रा (जल यात्रा) के साथ किया गया। आयोजन के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बन गया है। यह धार्मिक अनुष्ठान श्री श्री 1008 श्री बाल योगी जी रामभद्राचार्य जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हो रहा है। शनिवार सुबह स्थानीय नदी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरा गया, जिसके बाद गाजे-बाजे और जयकारों के साथ सैकड़ों महिला-पुरुष एवं युवाओं ने यज्ञ स्थल तक शोभायात्रा निकाली। आयोजन समिति के सदस्य सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन विधिवत हवन-पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही रात्रि में देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्वान कथा वाचकों द्वारा प्रवचन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस महायज्ञ का उद्देश्य क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करना है। नवनिर्मित मंदिर में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पूरे गांव को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस अवसर पर रामप्रकाश सिंह, अंबिका सिंह, गौतम सिंह, कृष्ण चंद्र सिंह, मुखिया सुधीर कुमार सिंह, दयानिधि सिंह, अरुण सिंह, शिवमंगल सिंह, जीवन सिंह, सत्यम सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। महायज्ञ के आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है।
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत बरटा गांव स्थित देवी मंडप परिसर से नौ दिवसीय श्री श्री 1008 शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कलश यात्रा में लोजपा पार्टी के विधायक जनार्दन पासवान एवं सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास शामिल हुए। यज्ञ समिति के सदस्यों ने दोनों जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। यज्ञ मंडप परिसर में पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा देवी मंडप से प्रारंभ होकर बरटा शिव मंदिर, ठाकुरवाड़ी मंदिर, रामेश्वर मंदिर, कौलेश्वरी मंदिर एवं सूर्य मंदिर होते हुए पूरे गांव का भ्रमण कर बरटा नदी घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरा गया। इसके पश्चात श्रद्धालु पुनः यज्ञ मंडप पहुंचकर कलश स्थापना की। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि कपिल कुमार, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार कुशवाहा, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री, समाजसेवी जितेंद्र कुमार जीतू, रंजन कुमार, समिति अध्यक्ष पिंटू यादव, सचिव संदीप कुमार दांगी, उपाध्यक्ष टिंकू कुमार, संजय तिवारी, पूर्व प्रमुख प्यारी देवी, मुखिया बेबी देवी, सांसद प्रतिनिधि बबलू कुमार साव, सुनील कुमार राणा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा, राजद प्रखंड अध्यक्ष कमलेश रजक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। कलश यात्रा और धार्मिक अनुष्ठानों में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। आयोजन समितियों ने बताया कि महायज्ञ का उद्देश्य क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करना है। दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरे इलाके में भक्ति का माहौल बना हुआ है।
इसे भी पढ़ेः- तेली साहू समाज की प्रखंड समिति गठित, सम्मान समारोह में उमड़ी भीड़
इसे भी पढ़ेः- रवि आनंद बने चतरा के 40वें उपायुक्त, पदभार संभालते ही तय की प्राथमिकताएं
इसे भी पढ़ेः- अनिमेश नैथानी बने चतरा के 33वें पुलिस अधीक्षक, पदभार ग्रहण करते ही दिए सख्त संकेत
इसे भी पढ़ेः- जिले को मिला नया ‘कप्तान’, प्रोन्नति के बाद डीडीसी बने उपायुक्त
इसे भी पढ़ेः- लापता छात्र की बरामदगी में सहयोग करने वाले टोटो चालक सम्मानित





















Total Users : 916226
Total views : 2659787