पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज थाना क्षेत्र के कोदलया गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामचंद्र साव और बिहारी साव के बीच जमीन बंटवारे को लेकर कई वर्षों से मामला न्यायालय में लंबित है। इसी बीच जमीन की बिक्री को लेकर विवाद और बढ़ गया। शुक्रवार दोपहर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। हालांकि, पुलिस टीम के लौटते ही रामचंद्र साव और विजय साव के बीच पुनः कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान 60 वर्षीय विजय साव के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे वे अचेत होकर गिर पड़े। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बुजुर्ग को हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद को आपसी बातचीत या कानूनी प्रक्रिया से सुलझाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
इसे भी पढ़ेः- 6 दिन बाद लापता छात्र सकुशल बरामद, परिवार में लौटी खुशियां
इसे भी पढ़ेः- रवि आनंद बने चतरा के 40वें उपायुक्त, पदभार संभालते ही तय की प्राथमिकताएं






















Total Users : 916205
Total views : 2659758