सुबह की खामोशी में जब रेलवे लाइन की जांच हो रही थी, तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ ही कदम दूर ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिलेगा। पेड़ की डाल से लटका एक शव और उसके नीचे जमीन पर पड़े दो और शव… यह दृश्य जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप उठी। कुछ ही देर में पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र के नेहरूपुर गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पेड़ की डाल से एक महिला का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसके ठीक नीचे जमीन पर एक युवक और एक मासूम बच्ची के शव पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बताया जाता है कि सुबह रेलवे लाइन की नियमित जांच कर रहे इंजीनियरिंग विभाग के कीमैन सोनपाल ने सबसे पहले यह दृश्य देखा। पापड़ी के पेड़ से लटकते शव को देखकर जब वह पास पहुंचे तो नीचे एक युवक और बच्ची के शव भी पड़े मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने तीनों मृतकों की पहचान 32 वर्षीय देवी सरकार, 28 वर्षीय सरल सरकार और 4 वर्षीय सावंती के रूप में की है। तीनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के पूर्वा मल्लापुरा गांव के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार देवी सरकार अपने पति अपेश्वर सरकार के साथ खुर्जा जंक्शन मार्ग स्थित एक पॉटरी फैक्ट्री में मजदूरी करती थी और वहीं बने कमरे में रहती थी। वहीं उसका देवर सरल सरकार पास के इलाके में दूसरी पॉटरी फैक्ट्री में मजदूरी करता था और नेहरूपुर में किराये के मकान में रहता था। जांच में सामने आया है कि घटना से पहले महिला और देवर के बीच अक्सर बातचीत होती थी। 11 मार्च को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद देवी सरकार ने अपने देवर सरल को फोन किया और दोनों के बीच करीब 28 मिनट तक बातचीत हुई। इसके बाद वह अपनी चार वर्षीय बेटी को लेकर देवर के पास चली गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बच्ची और देवर की गला दबाकर हत्या की गई, जबकि महिला की मौत फंदे से लटकने के कारण हुई है। मामले की जांच के लिए तीनों का बिसरा सुरक्षित रखा गया है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मृतका के पति अपेश्वर सरकार के अनुसार उसका छोटा भाई अविवाहित था और महिला उसके साथ रहने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था और महिला शादी का दबाव भी बना रही थी।
अपेश्वर सरकार ने बताया कि उनकी शादी करीब 14 वर्ष पहले हुई थी और उनका एक 10 वर्षीय बेटा भी है, जो फिलहाल पश्चिम बंगाल में अपने दादा के पास रहकर पढ़ाई कर रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।





















Total Users : 845807
Total views : 2560787