आधार कार्ड से मिली अहम जानकारी, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
जामताड़ा:
जामताड़ा जिले के बागडेहरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुडाबेड़िया आश्रम से कुछ सौ मीटर दूर स्थित एक सुनसान कुएं से पुलिस ने एक व्यक्ति और दो नाबालिग बच्चों के शव बरामद किए हैं। तीनों शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़ी-गली अवस्था में पाए गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि आसपास मवेशी चरा रहे चरवाहों ने कुएं से दुर्गंध आने पर इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुएं से तीनों शवों को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को एक आधार कार्ड बरामद हुआ है, जिसमें मृतक व्यक्ति का पता मुरगाथल, राजनगर, जिला वीरभूम, पश्चिम बंगाल दर्ज बताया जा रहा है। इसके आधार पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला और राजनगर थाना पुलिस को भी सूचना दे दी है, ताकि शवों की पहचान कराई जा सके।
पुलिस के अनुसार शवों की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि तीनों की मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी। शव काफी सड़े-गले हालत में थे, जिससे मामला और भी संदिग्ध नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच हत्या के एंगल से कर रही है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेजने की तैयारी की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।





















Total Users : 845803
Total views : 2560782