एक स्वचालित एके-47 राइफल, एके-47 का मैगजीन व छह जिंदा कारतूस, इंसास राइफल के 15 कारतूस, एक वायरलेस सेट, 1 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक टैब, चार सिम कार्ड तथा नक्सली पर्चे बरामद
लातेहार। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने माओवादी संगठन के जोनल कमांडर मृत्युंजय भुईयां उर्फ फ्रेश भुईयां तथा माओवादी सदस्य बबलू राम उर्फ रोहित उर्फ बबलू चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताया गया कि मृत्युंजय भुईयां पर 10 लाख रुपये तथा बबलू राम पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी। एसपी ने बताया कि सूचना मिल रही थी कि मृत्युंजय भुईयां अपने दस्ते के साथ क्षेत्र में सक्रिय है। इसी सूचना के आधार पर लगातार सर्च ऑपरेशन और छापामारी अभियान चलाया जा रहा था। सर्च ऑपरेशन के कारण माओवादियों की दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति भी बाधित हो गई थी।
उन्होंने बताया कि 12 मार्च को सूचना मिली कि मृत्युंजय भुईयां छिपादोहर थाना क्षेत्र के हरिणामाड़ गांव में राशन और अन्य सामान लेने आने वाला है। सूचना के आधार पर छिपादोहर और गारु थाना पुलिस के नेतृत्व में सशस्त्र बलों का एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया। छापामारी के दौरान पुलिस ने जोनल कमांडर मृत्युंजय भुईयां उर्फ फ्रेश भुईया उर्फ दिलीप उर्फ अवधेश जी तथा माओवादी सदस्य बबलू राम उर्फ रोहित उर्फ बबलू चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मृत्युंजय भुईयां के खिलाफ लातेहार, पलामू, गढ़वा और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में कुल 104 मामले दर्ज हैं, जबकि बबलू राम के खिलाफ लातेहार, पलामू और गढ़वा जिलों में 15 मामले दर्ज हैं। मृत्युंजय भुईयां लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के नावाडीह ग्राम के चकलवा का निवासी है, जबकि बबलू राम बिहार के अरवल जिले का रहने वाला है।
छापामारी के दौरान पुलिस ने उग्रवादी दस्ते से जुड़े कई सामान भी बरामद किए हैं। इनमें एक स्वचालित एके-47 राइफल, एके-47 का मैगजीन व छह जिंदा कारतूस, इंसास राइफल के 15 कारतूस, एक वायरलेस सेट, 1 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक टैब, चार सिम कार्ड तथा नक्सली पर्चे शामिल हैं। इस अभियान में छिपादोहर थाना प्रभारी मो. यकीन अंसारी, गारु थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा, बारेसाढ़ थाना प्रभारी शशि कुमार, महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, नेतरहाट थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, पुअनि किशोर मुंडा तथा सैट-137 और सैट-147 के जवानों के साथ अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।





















Total Users : 845797
Total views : 2560774