लोहरदगा/कूडू। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 08 मार्च 2026 को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के तत्वावधान में कूडू प्रखंड परिसर मैदान में तीनों संकुल संगठन—कोयल झरना, निर्मल धारा एवं चुल्हापानी संकुल द्वारा संयुक्त रूप से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन तीनों संकुलों के ओबी एवं ईसी सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में तीनों संकुल संगठनों से जुड़ी स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दिदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक विकास में स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि समाज में अपनी पहचान भी बना रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली कैडर दिदियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही एसएचजी की दिदियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना, उनके कार्यों को प्रोत्साहित करना तथा समाज में उनकी भागीदारी को और मजबूत करना था।
इस अवसर पर तीनों संकुल संगठनों की ओबी सदस्य कुमकुम देवी, पार्वती देवी, सुमित्रा देवी, रासो देवी, देवंती देवी, गुंजरी उरांव एवं रंथी उरांव उपस्थित थीं। वहीं तीनों संकुलों की संकुल प्रबंधक नेहा कुमारी, जूही खातून, तनु कुमारी सहित कूडू जेएसएलपीएस के कर्मी तथा स्वयं सहायता समूहों की लगभग 250 दिदियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।





















Total Users : 910643
Total views : 2651939