
रामगढ़: रांची–पटना मार्ग, एनएच-33 फोरलेन के चूटूपालू घाटी में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में कंटेनर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, रांची की ओर से तेज गति से आ रहा मशीनरी लदा कंटेनर वाहन (टीएस07यूई–8693) घाटी में अचानक ब्रेकफेल हो गया। अनियंत्रित कंटेनर ने आगे चल रहे स्टोन चिप्स लदे हाईवा (बीआर10–04345) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर के अगले हिस्से में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा।
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस और एनएचएआई की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक चालक का लगभग पूरा शरीर जल चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
हादसे के बाद चूटूपालू घाटी में लगभग तीन घंटे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चूटूपालू घाटी में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, बावजूद इसके राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि घाटी की सड़क संरचना और सुरक्षा प्रबंधन में गंभीर खामियां हैं। स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आखिर कब तक ऐसे हादसे होते रहेंगे। उन्होंने मांग की कि एनएचएआई जिम्मेदारी लेते हुए घाटी क्षेत्र में स्थायी और प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करे।
News Scale LIVE | भरोसे की पहचान























Total Users : 804791
Total views : 2505248