
कुंदा (चतरा)। कुंदा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिकीदाग में सेवानिवृत्त शिक्षक गणेश प्रसाद चौरसिया के सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी किशोर कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मुखिया अनिता देवी एवं पंचायत समिति सदस्य दिव्या भोक्ता उपस्थित रहीं। अतिथियों ने सेवानिवृत्त शिक्षक एवं उनकी धर्मपत्नी को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बीईओ किशोर कुमार ने कहा कि गणेश प्रसाद चौरसिया वर्ष 2003 बैच के शिक्षक थे और उन्होंने 22 वर्षों तक विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की। उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती गांव में पदस्थापित रहने के बावजूद श्री चौरसिया ने अपने दायित्वों के निर्वहन में कभी कमी नहीं आने दी। सड़क के अभाव में वे साइकिल से प्रतिदिन विद्यालय आना-जाना करते थे। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने गांव में एक अलग पहचान बनाई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना की। अन्य विद्यालयों के शिक्षक भी समारोह में शामिल हुए और उन्हें माला पहनाकर उपहार भेंट किया। विदाई के क्षण बेहद भावुक रहे। बच्चों से गले मिलते ही शिक्षक फफक-फफक कर रो पड़े। गुरु और शिष्यों के इस आत्मीय प्रेम को देखकर उपस्थित लोग भी भावुक हो उठे। बच्चों ने कहा कि शिक्षक गणेश प्रसाद चौरसिया का स्वभाव अत्यंत सरल रहा है और वे हमेशा बच्चों को पढ़ाई के प्रति तथा अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते रहे। समारोह में बीपीओ महेंद्र प्रसाद, अखिलेश प्रसाद यादव, शिक्षक इंदुशेखर, बृजेश्वर तिवारी, सुरेंद्र कुमार, लक्ष्मण दास, दिलीप कुमार, मृतुंजय कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।





















Total Users : 804766
Total views : 2505217