
पत्थलगड़ा (चतरा)। पत्थलगड़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय के कई कमरे इन दिनों जर्जर स्थिति में पहुंच चुके हैं। भवन की हालत ऐसी है कि कार्यालय आने वाले लोग किसी भी कमरे में प्रवेश करने से घबराते हैं। कुछ कमरों में छत और दीवारों की स्थिति इतनी खराब है कि लोगों के घायल होने की आशंका बनी हुई है। मरम्मत के अभाव में कई कमरे बेकार पड़े हैं, जिससे आम जनता को कार्य निष्पादन में भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। प्रखंड के जिप सदस्य रामसेवक दांगी एवं समाजसेवी अरविंद ठाकुर ने बताया कि प्रखंड सह अंचल कार्यालय का भवन 20 जुलाई 2003 को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा द्वारा 90 लाख 88 हजार 600 रुपये की लागत से बनवाकर विधिवत उद्घाटन किया गया था। उन्होंने बताया कि लगभग 23 वर्षों से भवन की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई है। विभागीय उदासीनता के कारण कई कमरे अब पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द भवन की मरम्मत कराई जाए, ताकि आम जनता एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






















Total Users : 804768
Total views : 2505220