
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया प्रखंड में पंचायती राज विभाग के तहत राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत सभी मुखिया, पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायकों के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार से प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी सिमरिया चंद्रदेव प्रसाद ने प्रस्तावना पाठ के पश्चात दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता वृद्धि से योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनेगा। प्रशिक्षण के माध्यम से ग्राम स्तर पर विकास योजनाओं की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। यह प्रशिक्षण नामित एजेंसी यूपीकॉन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण सत्र में पेसा अधिनियम 1996, सतत विकास लक्ष्य में ग्राम पंचायत की भूमिका, ग्राम पंचायत विकास योजना निर्माण की प्रमुख गतिविधियां, संविधान में वर्णित मानवीय मूल्य एवं मौलिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त डिजिटल पंचायत की स्थापना, ग्राम पंचायत की संरचना, मुखिया के दायित्व, पंचायत की स्थायी समितियां, पंचायत सुदृढ़ीकरण, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा संबंधित पोर्टल की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी जा रही है। मास्टर ट्रेनर शंकर दांगी द्वारा पंचायत सहायकों की भूमिका, जिम्मेवारी एवं कर्तव्य, अल्ट्रा पुअर की समझ तथा अल्ट्रा पुअर आइडेंटिफिकेशन विषय पर विशेष सत्र लिया जा रहा है। चार दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों को सशक्त बनाकर ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।






















Total Users : 804789
Total views : 2505246