Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलकूदक्राइमशिक्षाराजनीतिस्वास्थराशिफल
---Advertisement---

बच्चे की हत्या, भीड़ की पिटाई में कथित आरोपी की भी मौत; सड़क जाम, इलाके में तनाव

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

घटना में दो शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी

(बिहार) मधेपुरा जिले के घैलाढ़ ओपी क्षेत्र के रतनपुरा पंचायत अंतर्गत इटहरी गांव में शनिवार को एक 12 वर्षीय बच्चे की हत्या और उसके बाद कथित आरोपी की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि बच्चे की धारदार हथियार से हत्या की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने कथित आरोपी को पकड़कर पीट दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे तीन बच्चे घर से इटहरी पुल की ओर गए थे। इसी दौरान एक व्यक्ति पर बच्चे पर हमला करने का आरोप लगा। साथ गए दो बच्चों ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और कथित आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने साफ किया है कि घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की खबर फैलते ही इटहरी और आसपास के गांवों में अफरातफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने घैलाढ़-मधेपुरा और घैलाढ़-सिंहेश्वर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। कई घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई।

डीएसपी ने समझाकर हटवाया जाम

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा। डीएसपी अजय कुमार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हुआ। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। जानकारी के अनुसार, मौके से एक धारदार हथियार और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस हत्या के कारणों, कथित आरोपी की मौत और घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भूमिका सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के समय साथ मौजूद दोनों बच्चों से मिली जानकारी जांच में अहम हो सकती है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।

बच्चे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक और तनाव का माहौल है। इस घटना ने कथित हत्या के साथ-साथ कानून को हाथ में लेने और भीड़ की हिंसा पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment