एचडीएफसी बैंक परिवर्तन व सपोर्ट संस्था का कार्यक्रम, सीओ बोले- तन और मन की स्वच्छता भी जरूरी
पत्थलगड़ा (चतरा)। स्वच्छता के संदेश के साथ शनिवार को प्लस टू जनता उच्च विद्यालय, पत्थलगड़ा परिसर में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम एचडीएफसी बैंक परिवर्तन की एचआरडीपी परियोजना (पी1010) के तहत बैंक परिवर्तन और सपोर्ट संस्था के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
मुख्य अतिथि अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उदल राम थे। विशिष्ट अतिथियों में जिला परिषद सदस्य रामसेवक दांगी, प्रखंड प्रमुख मनीषा कुमारी, बरवाडीह मुखिया संदीप कुमार सुमन, सिंघानी मुखिया राधिका देवी, नोनगांव मुखिया संगीता सिन्हा तथा एचडीएफसी के प्रतिनिधि सागर यादव व राकेश कुमार राणा शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के बच्चों ने पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता पर नुक्कड़ नाटक, गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। इनके जरिए घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने, गंदगी से दूर रहने और स्वच्छता को जीवनशैली बनाने का संदेश दिया गया। अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
मुख्य अतिथि सीओ उदल राम ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ घर, स्कूल और आसपास की सफाई तक सीमित नहीं है, तन और मन की स्वच्छता भी उतनी ही जरूरी है। जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और परिवार व समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
सपोर्ट संस्था के प्रतिनिधियों ने विद्यालय की महिला रसोइयों को पुष्पगुच्छ और शाल देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने बैंक परिवर्तन के समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम के तहत स्मार्ट स्कूल परियोजना में विद्यालय में हुए निर्माण और विकास कार्यों का अवलोकन भी किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर झाड़ू लगाकर श्रमदान किया।
सपोर्ट संस्था के वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक अभिषेक शंकर ने परियोजना के उद्देश्य, कार्ययोजना और स्वच्छता गतिविधियों की जानकारी देते हुए सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। मंच संचालन संस्था के अक्षयानंद पाठक ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्राचार्य सह प्रभारी प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिन्हा, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों का अहम योगदान रहा।
मौके पर एचडीएफसी के परियोजना प्रबंधक कौशिक कुमार, प्रबंधन समिति के पूर्व अध्यक्ष विनय कुमार, अन्नी कुमारी, रामचंद्र प्रसाद, संजय कुमार, वर्षा लकड़ा, सदानंद वर्मा, प्रवेश ठाकुर, भोला बांडो, मधु कुमारी, संगीता देवी समेत बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित थे।























Total Users : 1224635
Total views : 3073702