गिद्धौर, सिमरिया और कुंदा में लोगों को मिली मानसिक सेहत, कानूनी अधिकारों और मुफ्त सहायता की जानकारी
चतरा। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चतरा की पहल पर जिले के कई क्षेत्रों में जागरूकता शिविर लगे। गिद्धौर, सिमरिया और कुंदा प्रखंडों में आयोजित इन कार्यक्रमों में लोगों को मन की सेहत के साथ-साथ कानूनी हक की भी जानकारी दी गई।
छात्राओं को बताया मानसिक स्वास्थ्य का महत्व, दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी
सिमरिया (चतरा)। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चतरा के सचिव के निर्देशन में शुक्रवार को कानूनी सहायता केंद्र, सिमरिया की ओर से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर तीन स्थानों पर लगाया गया। प्रखंड मुख्यालय स्थित बुनियादी विद्यालय, सिमरिया में शिविर आयोजित हुआ। वहीं रंजन कुमार मिश्रा के द्वारा शीला में संचालित संत थॉमस स्कूल में तथा उमेश प्रसाद एवं सीता देवी के द्वारा ग्राम पिपरा डीह में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, कानूनी अधिकारों और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विधिक कार्यकर्ता सुबोध कुमार शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई का दबाव, पारिवारिक परिस्थितियां और अन्य समस्याएं मानसिक तनाव का कारण बन सकती हैं। ऐसी स्थिति में अपनी परेशानियों को साझा करना और समय पर उचित सहायता लेना जरूरी है। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को छिपाने के बजाय उनके प्रति जागरूकता बढ़ानी चाहिए। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या या अधिकारों के हनन की स्थिति में संबंधित कानूनी सहायता केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।
मानसिक बीमारी कमजोरी नहीं, इलाज संभव, बारियातू पंचायत में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को मिली जानकारी
गिद्धौर (चतरा)। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत बारियातू पंचायत के गांव में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चतरा के सचिव तारकेश्वर दास के तत्वावधान में आयोजित हुआ।
शिविर का नेतृत्व पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) सुरेश प्रसाद राणा, पवन कुमार, शंभु राणा, कुमारी शारदा भारती एवं तापेश्वर यादव ने किया। इस दौरान प्राधिकार के सदस्यों ने ग्रामीण महिलाओं, बुजुर्गों और स्थानीय लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करता है।
मानसिक रोगियों के अधिकार और सुरक्षा पर दी गई जानकारी
कुंदा (चतरा)। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर कुंदा प्रखंड के काशीलौंग में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
अधिकार मित्रों ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मानसिक परेशानी से जूझ रहे लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा उन्हें समय पर उचित सहायता और उपचार उपलब्ध कराने की जरूरत है। लोगों को मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों के कानूनी अधिकारों और उनके संरक्षण के संबंध में भी जानकारी दी गई। मौके पर अधिकार मित्र संजय चौधरी, अजित कुमार, अमलेश यादव, किरण देवी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।























Total Users : 1224634
Total views : 3073701