घाटी में कैबिन काटकर निकाला गया, हजारीबाग रेफर; जैन पेट्रोल पंप के पास भी भिड़ंत, महाजाम से जूझते रहे लोग
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग पर देल्हो घाटी में शुक्रवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कोयला लदे वाहन ने सड़क किनारे खड़े फ्लाई ऐश लदे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कोयला वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक, चतरा निवासी पिंटू कुमार यादव, कैबिन में ही फंस गया।
सूचना मिलते ही सिमरिया पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कैबिन काटकर गंभीर रूप से घायल चालक को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सिमरिया रेफरल अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे हजारीबाग रेफर कर दिया।
उसी शाम दुर्घटना का एक और मामला सिमरिया-बगरा रोड पर जैन पेट्रोल पंप के समीप सामने आया, जहां दो वाहन आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दोनों हादसों के कारण सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग समेत आसपास की सड़कों पर एक घंटे से अधिक समय तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और महाजाम की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
बाईपास की मांग फिर तेज

क्षेत्र में कोयला और फ्लाई ऐश ढोने वाले भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार स्थानीय लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद बाईपास सड़क निर्माण की दिशा में प्रशासन ने अब तक कोई ठोस पहल नहीं की है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने एक बार फिर क्षेत्र की सड़क सुरक्षा व्यवस्था और बाईपास निर्माण की मांग उठाई है।





















Total Users : 1224634
Total views : 3073701