चुट्टू गांव में घेराबंदी, तीन आरोपी गिरफ्तार; 10 से अधिक लूटी गई चेन और हथियार बरामद
रांची (झारखंड)। राजधानी रांची में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन लूटने वाले कोढ़ा गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ओरमांझी थाना क्षेत्र के चुट्टू गांव में हुई पुलिस मुठभेड़ में गिरोह का सरगना रंगीला पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है।
रविवार को मिली सूचना, पुलिस ने की घेराबंदी
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि शहर में बढ़ती चेन लूट की वारदातों की जांच के दौरान पुलिस को इस गिरोह से जुड़े अहम सुराग मिले थे। इसके बाद एक विशेष टीम लगातार आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। रविवार को पुलिस को खबर मिली कि गिरोह के सदस्य रिंग रोड से सटे चुट्टू इलाके में कोई वारदात करने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस का दावा: पिस्टल छीनकर की फायरिंग
पुलिस को देखकर आरोपियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, इसी बीच रंगीला ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीन ली और भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस का कहना है कि खतरे को देखते हुए जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें रंगीला के पैर में गोली लगी। गोली लगते ही वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दो साथी भी दबोचे गए
मुठभेड़ के दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्य मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को भी पकड़ लिया। तीनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
लालपुर, बरियातू, डोरंडा में वारदात की आशंका
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चेन लूट की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस को आशंका है कि इसी गिरोह ने लालपुर, बरियातू, डोरंडा समेत कई इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लूटी गई सोने की चेन और अन्य सामान किसके माध्यम से बेचा जाता था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हथियार, 10 से अधिक लूटी गई चेन और अन्य सामान भी बरामद किया है।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान






















Total Users : 1216139
Total views : 3062189