पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट एसोसिएशन ने आयोजित किया सम्मान समारोह; शहीद शक्ति सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण, माता हुईं भावुक
मयूरहंड (चतरा, झारखंड)। भारतीय सेना में 22 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हुए नायक नेपाली यादव के गृह क्षेत्र लौटने पर पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
कर्मा मोड़ से शुरू हुआ स्वागत
स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत कर्मा मोड़ से हुई। यहां एसोसिएशन के सदस्यों, पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव समेत कई गणमान्य लोगों ने बैंड-बाजे के साथ माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर नायक नेपाली यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके बाद पूर्व सैनिकों एवं ग्रामीणों के साथ नायक नेपाली यादव मयूरहंड पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद शक्ति सिंह की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने भी उनका भव्य स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
“समाज के उत्थान में आगे भी निभाऊंगा भागीदारी”
इस अवसर पर नायक नेपाली यादव ने कहा कि 22 वर्षों की सैन्य सेवा पूरी करने के बाद संगठन के साथियों और समाज के लोगों के बीच सम्मान पाकर वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने संगठन एवं समाज की ओर से मिले स्नेह, सम्मान और सहयोग के लिए आभार जताया और कहा कि समाज के उत्थान में उनकी भागीदारी आगे भी बढ़-चढ़कर रहेगी।
माता और पत्नी की आंखें हुईं नम
बेटे को 22 वर्षों बाद सम्मान के साथ घर लौटते देख माता मुखनी देवी भावुक हो गईं। उनकी पत्नी रंजू देवी ने कहा कि उनके पति ने भारतीय सेना में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सेवा की है। उनके सेवानिवृत्त होकर घर लौटने पर परिवार को गर्व और खुशी दोनों है।
“युवा बढ़ें देश सेवा की ओर”
पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष अरविंद ओझा ने कहा कि नायक नेपाली यादव की सेवानिवृत्ति को यादगार बनाने के लिए संगठन के सभी सदस्य उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों से संगठन द्वारा सैनिकों, वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों को सम्मानित करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सेना में जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक सैनिक अपने जीवन के 21-22 वर्ष देश सेवा में समर्पित करता है और सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज में उसे सम्मान एवं सुरक्षा का भाव मिलता है। उप सचिव रामनंदन मिश्रा ने नायक नेपाली यादव को परिवार में वापसी पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक संगठन के सभी साथी हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता चतरा जिला अध्यक्ष मोहन कुमार साहा ने की, जबकि संचालन सचिव महेश बांडों की देखरेख में हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, उनके परिजन, समाजसेवी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने नायक नेपाली यादव को 22 वर्षों की राष्ट्रसेवा के लिए सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान केंद्रीय अध्यक्ष अरविंद ओझा, उप सचिव रामनंदन मिश्रा, उप कोषाध्यक्ष शिवनंदन साहू, चतरा जिला अध्यक्ष मोहन कुमार साहा, सचिव महेश बांडों, मीडिया प्रभारी किशुन राम, हजारीबाग जिला अध्यक्ष महेंद्र गोप, सचिव नीरज ओझा, मीडिया प्रभारी मनोज गोप, मयूरहंड प्रखंड अध्यक्ष सुभाष सिंह, वरिष्ठ सलाहकार हवलदार कैप्टन राजदेव कुमार प्रसाद एवं रविंद्र कुमार सिंह, सदस्य अनिमेश यादव, अमरेश सिंह, जयजीत कुमार सिंह, आदित्य यादव, जगदेव प्रसाद, मनोज यादव सहित कई पूर्व सैनिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महिला विंग से संगठन मंत्री रिंकी देवी तथा परिजन प्रदीप यादव, अर्जुन यादव, सकलदेव यादव, लक्ष्मण यादव, चंद्रदेव यादव, महावीर यादव, चंद्रदीप यादव, रवि यादव समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान






















Total Users : 1216135
Total views : 3062185