कोयला वाहनों के दबाव से “एक्सीडेंटल जोन” बना सिमरिया; सुबह 7 से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री, चार प्रवेश द्वारों पर लगे बैरियर
सिमरिया (चतरा, झारखंड)। सिमरिया की सड़कों को सुरक्षित बनाने और दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एसडीओ प्रदीप कुमार महतो खुद एक्शन मोड में आ गए हैं। इन दिनों वे नो हेलमेट और नो एंट्री का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए लगातार सड़कों पर उतर रहे हैं।
“एक्सीडेंटल जोन” बन चुका है क्षेत्र
एसडीओ प्रदीप कुमार महतो ने कहा कि सिमरिया की सड़कों से प्रतिदिन हजारों कोयला वाहनों के गुजरने के कारण यह पूरा क्षेत्र “एक्सीडेंटल जोन” में तब्दील हो चुका है। आम लोगों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सिमरिया में सुबह 7:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री लागू की है।
चार प्रमुख प्रवेश द्वारों पर लगे बैरियर
प्रशासन द्वारा आम जनता को राहत देने के लिए सिमरिया के चार प्रमुख प्रवेश द्वारों पर नो एंट्री बैरियर लगाए गए हैं:
- एनएच 22: जबड़ा के पास
- एनएच 522 (हजारीबाग रोड): सिंघम होटल के पास
- चतरा रोड: कर्बला मैदान के पास
- सिमरिया-टंडवा रोड: डाड़ी के पास
नियम तोड़ने वालों पर चिंता
एसडीओ ने चिंता जताते हुए कहा कि नो एंट्री लागू होने से दिन में स्कूली बच्चे और लोग बेफिक्र होकर सड़कों पर निकलते हैं, लेकिन कुछ वाहन चालक मनमाने ढंग से नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। वहीं, शाम 7 बजे नो एंट्री खुलने के बाद आगे निकलने की होड़ में भारी वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे न सिर्फ जाम लगता है, बल्कि छोटी गाड़ियां भी दुर्घटना का शिकार हो रही हैं।
किशोर और युवा चालकों पर विशेष चिंता
उन्होंने विशेष रूप से टीन-एज (किशोर/युवा) चालकों को लेकर चिंता जताई। एसडीओ ने कहा कि आज के युवा और बच्चे नशे की चपेट में आकर हाइवा और बाइक बिना हेलमेट के सड़कों पर तेज राइडिंग कर रहे हैं।
“नियमों का पालन करें, हेलमेट जरूर पहनें”
उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “अगर वाहन मालिक और बच्चों के अभिभावक भारी-भरकम जुर्माने और कानूनी कार्रवाई से बचना चाहते हैं, तो नो एंट्री के नियमों का पालन करें और अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें।” प्रशासन नियमों का उल्लंघन करने वालों से अब किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान





















Total Users : 1216122
Total views : 3062172