सहायक आचार्यों का प्रदर्शन, 30 अप्रैल को जिला मुख्यालय घेराव का ऐलान
चतरा/मयूरहंड/गिद्धौर। चतरा जिले के मयूरहंड और गिद्धौर प्रखंडों में नव नियुक्त सहायक आचार्यों ने गुरुवार को आठ माह से वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में काला बिल्ला लगाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि विरोध के बावजूद शिक्षकों ने विद्यालयों में शिक्षण कार्य जारी रखा। मयूरहंड प्रखंड क्षेत्र के सहायक आचार्यों ने बताया कि सरकार द्वारा आठ माह पूर्व नियुक्ति पत्र दिया गया, जिसके बाद वे नियमित रूप से विद्यालयों में पढ़ाई करवा रहे हैं। बावजूद इसके अब तक वेतन नहीं मिलने से आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है और भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। वहीं गिद्धौर प्रखंड में भी नव नियुक्त सहायक आचार्यों ने समान समस्या को लेकर काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों का कहना है कि वे लगातार विभाग और प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। दोनों प्रखंडों के शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द वेतन भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 30 अप्रैल को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। शिक्षकों के इस विरोध से शिक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, वहीं प्रशासन पर जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ता दिख रहा है।
Also Read: बारात की खुशियां मातम में बदलीं, हाइवा की चपेट में आकर युवक की मौत
Also Read: तैलीक साहू समाज की बैठक में प्रखंड कमिटी का पुनर्गठन, शशि गुप्ता फिर बने अध्यक्ष




















Total Users : 926512
Total views : 2674113