सवारी गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर जब्त
प्रतापपुर (चतरा)। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस संबंध में प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया है कि वरीय पुलिस पदाधिकारी को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर प्रतापपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक सवारी वाहन से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की गई है। पुलिस ने कौरा चौक से लगभग 200 मीटर पीछे स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र के पास संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर की खेप बरामद की गई। मौके से वाहन चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी में सोनू कुमार 24 वर्ष, पिता मुरारी साव, प्रिंस कुमार 25 वर्ष, पिता योगेंद्र साव दोनों निवासी थाना मनातू, जिला पलामू के रहने वाले हैं। जबकी छापेमारी में आइकॉनिक व्हाइट (375 मि.ली.) 23 बोतल, स्टर्लिंग रिजर्व (180 मि.ली.) 22 बोतल, आइकॉनिक व्हाइट (180 मि.ली.) 24 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड (375 मि.ली.) 7 बोतल, स्टर्लिंग रिजर्व (375 मि.ली.) 24 बोतल, किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर (500 मि.ली.) 96 बोतल (4 कार्टन), किंगफिशर अल्ट्रा मैक्स बीयर (500 मि.ली.) 24 बोतल, रॉयल स्टैग (375 मि.ली.) 48 बोतल (2 कार्टन) जब्त किया गया है। इस संबंध में प्रतापपुर थाना कांड संख्या 32/2026, दिनांक 02.04.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 275, 3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक चतरा ने आम जनता से अपील की है कि अवैध शराब की तस्करी न करें और न ही किसी को करने दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित समाज के निर्माण में सभी का सहयोग आवश्यक है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।






















Total Users : 881674
Total views : 2610827