350 बोझा अरहर में लगाई आग, ग्रामीणों में आक्रोश
कुंदा (चतरा)। कुंदा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव (टोला बरवहिया) में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां अज्ञात व्यक्ति द्वारा रात के समय लगभग 350 बोझा अरहर में आग लगा दी गई। इस घटना में गरीब मजदूर विदेशी भुईया का पूरा अरहर जलकर खाक हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, घटना के समय सभी लोग सो रहे थे। जब आग की लपटें तेज होने लगीं, तब लोगों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और पूरी फसल जल चुकी थी। इस घटना से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि विदेशी भुईया अत्यंत गरीब परिवार से हैं और मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में इतनी बड़ी क्षति उनके लिए गहरा आर्थिक संकट बन गई है। ग्रामीणों ने इस घटना को सुनियोजित बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अंचलाधिकारी से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।





















Total Users : 882851
Total views : 2612523