‘लैंड एटीएम’ का आरोप, कांग्रेस ने जारी किया 11 संकल्पों वाला घोषणापत्र
असम विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री” बताया है।बोकाजान विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री Narendra Modi और गृह मंत्री Amit Shah के साथ मिलकर राज्य में “लैंड एटीएम” चला रहे हैं, जिसके जरिए आम लोगों की जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को दी जा रही है।
घोषणापत्र में 11 बड़े संकल्प
इस दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र भी जारी किया, जिसमें शासन, स्वास्थ्य, अवसंरचना, कृषि, औद्योगीकरण, जलवायु परिवर्तन और सुरक्षित असम जैसे 11 प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस किया गया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकेंद्रीकरण में विश्वास करती है और राज्य को दिल्ली से नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने अनुच्छेद 244(ए) को लागू करने का वादा करते हुए कहा कि कार्बी आंगलोंग समेत छठी अनुसूची क्षेत्रों का शासन स्थानीय लोगों के हाथ में होगा।
राहुल गांधी ने दावा किया कि असम में तीन बड़े कॉरपोरेट घरानों को करीब 98,400 बीघा जमीन सौंप दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी प्रक्रिया संगठित तरीके से की जा रही है और इससे आम जनता को नुकसान हो रहा है।
राहुल गांधी ने प्रसिद्ध गायक Zubeen Garg का जिक्र करते हुए कहा कि वह असम की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक थे। कांग्रेस ने वादा किया है कि सत्ता में आने के 100 दिनों के भीतर उनकी मौत के मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
कांग्रेस ने अपनी “पांच गारंटी” का भी ऐलान किया, जिसमें—
- महिलाओं के खाते में हर महीने आर्थिक सहायता
- महिलाओं को व्यवसाय के लिए ₹50,000 तक की मदद
- हर परिवार को ₹25 लाख का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा
- 10 लाख आदिवासी परिवारों को भूमि पट्टा
- वरिष्ठ नागरिकों को ₹1,250 मासिक पेंशन
केंद्र पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे भारतीय बाजार पर विदेशी दबाव बढ़ेगा और छोटे उद्योगों को नुकसान होगा। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 9 अप्रैल को होना है, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव से पहले ऐसे तीखे राजनीतिक हमलों से राज्य का सियासी माहौल और गरमा गया है।





















Total Users : 882584
Total views : 2612134