लोहरदगा/रांची: झारखंड राज्य उर्दू शिक्षक संघ, लोहरदगा जिला इकाई के तत्वावधान में आयोजित ‘ईद मिलन तक़रीब’ मंगलवार को सामाजिक एकजुटता और शिक्षक विमर्श का केंद्र बनी। इस भव्य आयोजन में रांची, गुमला, बोकारो, लातेहार और सिमडेगा सहित कई जिलों के शिक्षक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
7000 एकल विद्यालयों की स्थिति पर सरकार को घेरा
समारोह के मुख्य अतिथि और झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा के प्रदेश संयोजक अमीन अहमद ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ईद असल में सभी धर्मों को साथ लेकर चलने का नाम है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा, “हजारों नियुक्तियों के बावजूद राज्य के लगभग 7000 स्कूल अब भी एक शिक्षक के भरोसे हैं। ऐसे में नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के लक्ष्यों को प्राप्त करना एक बड़ी चुनौती है।”
विभागीय उदासीनता और संसाधनों के अभाव पर चर्चा
विशिष्ट अतिथि विजय बहादुर सिंह ने अपने संबोधन में शिक्षकों की सेवा शर्तों, प्रोन्नति, नियमित स्थानांतरण और बायोमेट्रिक डिवाइस की अनुपलब्धता जैसे मुद्दों पर विभाग के ढुलमुल रवैये की आलोचना की। वहीं, महासंघ के प्रदेश संयोजक आशुतोष कुमार ने शिक्षक संगठनों की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि जब तक शिक्षक अपने अधिकारों के लिए एक साथ नहीं आएंगे, तब तक ऐसे आयोजनों की सार्थकता अधूरी रहेगी।
स्वागत और सांस्कृतिक समन्वय
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जनाब एनामुल हक ने की, जबकि मंच संचालन जनाब अली रजा द्वारा किया गया। उर्दू शिक्षक संघ के जिला सचिव तौहीद आलम के नेतृत्व में संघ के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत ईद की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप रुमाल, टोपी और माला पहनाकर किया। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार दास और केंद्रीय प्रवक्ता शहजाद अनवर ने भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।
इनकी रही सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में फैयाज आलम, मुमताज अहमद, रिजवान अंसारी, शाहनवाज अंसारी, सरवर आलम, आफताब आलम, अरशद रूहानी, प्रदीप हिंद, चोन्हस उरांव, अनुग्रह कुमार, सुजीत रजक और सुमन कुमार दास सहित कई शिक्षक प्रतिनिधियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से स्वरुचि भोजन का आनंद लिया और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।






















Total Users : 875956
Total views : 2602856