दर्दनाक हादसा, एक की मौके पर तो दूसरे की रास्ते में गई जान
हंटरगंज (चतरा)। जिला प्रशासन की सख्ती के बावजूद तेज रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सोमवार देर शाम हंटरगंज-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर गेंजना मोड़ के समीप एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक काफी तेज गति में थी। संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के लिपदा गांव निवासी पंकज कुमार 22 वर्ष एवं बिहार के गया जिला अंतर्गत इमामगंज थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी रंजन कुमार 23 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी कार्य से हंटरगंज की ओर आ रहे थे। थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाने के क्रम में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






















Total Users : 862845
Total views : 2584520