घटिया सामग्री से निर्माण का दावा, बड़े हादसे की आशंका
गिद्धौर (चतरा)। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र स्थित बलबल मुहाने नदी पुल एवं उसके गार्डवाल के मरम्मत कार्य में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। करोड़ों रुपये की लागत से हो रहे इस कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी के आरोप लग रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार, पुल के गार्डवाल को मजबूत एवं उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री से मरम्मत किया जाना था, ताकि इसकी मजबूती और दीर्घायु सुनिश्चित हो सके। लेकिन ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि संवेदक द्वारा गार्डवाल निर्माण की ढलाई में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे यह भविष्य में कभी भी क्षतिग्रस्त हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि बलबल मुहाने नदी में बरसात के दौरान जलप्रवाह काफी तेज रहता है, ऐसे में कमजोर निर्माण कार्य बड़े खतरे को जन्म दे सकता है। यह कार्य मां तारा कंस्ट्रक्शन के जिम्मे है, जिस पर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उक्त पुल दो जिलों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन एवं राहगीर आवागमन करते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता सीधे लोगों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बन जाता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे संवेदक की मनमानी बढ़ती जा रही है और कार्य में पारदर्शिता की कमी स्पष्ट दिखाई दे रही है। जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने भी मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार द्वारा विकास कार्यों पर भारी राशि खर्च की जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर लापरवाही और अनियमितता के कारण योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने हजारीबाग उपायुक्त से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी संवेदक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर रोक लगाई जा सके। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी प्राथमिकता देता है और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।





















Total Users : 862846
Total views : 2584521