हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र के गेरूआ पंचायत अंतर्गत बढ़ीबिगहा गांव में बन रहे सामुदायिक स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन के निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के शुरुआती चरण में ही संवेदक द्वारा घटिया गुणवत्ता की ईंट और अन्य निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन की नींव में ही खराब क्वालिटी की ईंट लगाकर निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे पूरे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से निर्माण में उपयोग हो रही सभी सामग्रियों की जांच कराने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। बताया गया कि जिला परिषद मद से इस भवन निर्माण के लिए 55 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण में बालू, सीमेंट और सरिया जैसे सामग्री के मानकों की अनदेखी की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने घटिया ईंट दिखाकर अपना विरोध भी दर्ज कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदक द्वारा सरकारी धन का दुरुपयोग करते हुए मनमानी की जा रही है। इस दौरान मिथलेश यादव, चौनेश यादव, पिंटू यादव, मंटू कुमार, चंदन कुमार, राकेश कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों के विरोध की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य निशि कुमारी निर्माण स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने भी ग्रामीणों के आरोपों को सही बताते हुए कहा कि इस संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। वहीं कनीय अभियंता धनंजय ओझा ने बताया कि संवेदक को निर्देश दिया गया है कि घटिया ईंटों को हटाकर दूसरी ईंटों का उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि इस पूरे मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि यदि नींव में ही खराब गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग किया गया, तो यह केवल घटिया ईंट का मामला नहीं बल्कि पूरी इमारत की मजबूती और उम्र के साथ खिलवाड़ है। ऐसे में इसके लिए जिम्मेदार कौन होगा, यह जांच का विषय बना हुआ है।
सामुदायिक स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण में घटिया सामग्री का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

On: March 16, 2026 8:55 PM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now




















Total Users : 848921
Total views : 2565222