पति की मौत का गहरा सदमा एक महिला सहन नहीं कर सकी। तेरहवीं के ठीक एक दिन बाद उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले महिला ने एक भावुक वीडियो बनाकर व्हाट्सएप स्टेटस पर साझा किया, जिसमें उसने अपने दुख और अकेलेपन को व्यक्त करते हुए अंतिम संस्कार अच्छे से करने की अपील की।
उत्तर प्रदेश: उन्नाव जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के पीडीनगर मोहल्ले में शनिवार सुबह एक 28 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान आरती उर्फ एकता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार उनके पति अशोक उर्फ बबलू की 2 मार्च को बीमारी के कारण मौत हो गई थी। शुक्रवार को उनकी तेरहवीं की रस्म पूरी हुई थी।
परिजनों के अनुसार पति की मौत के बाद आरती गहरे सदमे में थीं। उनके कोई संतान भी नहीं थी, जिससे वह खुद को बेहद अकेला महसूस कर रही थीं। शनिवार सुबह उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। आत्महत्या से पहले आरती ने एक वीडियो बनाकर व्हाट्सएप स्टेटस पर साझा किया था। वीडियो में उन्होंने कहा कि माता-पिता के बाद अब पति के बिछड़ने का दुख वह सहन नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने परिजनों से अपने अंतिम संस्कार को अच्छे तरीके से करने की अपील की और घर के पास खाली पड़े प्लॉट में अपनी और अपने पति की मूर्ति लगाने की इच्छा भी जताई।
परिवार के अनुसार आरती अपने माता-पिता की इकलौती संतान थीं। पिछले दो वर्षों में पहले उनकी मां और फिर पिता की बीमारी से मौत हो गई थी। इस सदमे से वह पूरी तरह उबर भी नहीं पाई थीं कि अब पति का भी निधन हो गया। आरती के देवर रोहित ने बताया कि भाभी अपने माता-पिता और पति को खोने के बाद गहरे मानसिक आघात में थीं और अक्सर अपने अकेलेपन की बात करती थीं।
व्हाट्सएप स्टेटस देखने के बाद पास में रहने वाली उनकी मौसी तुरंत घर पहुंची, लेकिन तब तक आरती की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी प्रभारी अंजनी सिंह मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने महिला का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि महिला द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने और व्हाट्सएप स्टेटस पर वीडियो साझा करने की पुष्टि हुई है। मामले की जांच जारी है।