
पत्थलगड़ा (चतरा)। पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलहर के सोदाबर और भलूवाही में जंगली हाथियों ने कई किसानों की फसलों को रौंद दिया है। पिछले 7-8 दिनों से दो जंगली हाथी पत्थलगड़ा और सिमरिया प्रखंड के सीमावर्ती गांवों में लगातार उत्पात मचा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी बीते चार दिनों से बेलहर जंगल में डेरा डाले हुए हैं। दिन में जंगल में छिपे रहते हैं और रात होते ही बाहर निकलकर खेतों में लगी धान व अन्य फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। किसानों की महीनों की मेहनत कुछ ही पलों में बर्बाद हो जा रही है। प्रभावित किसानों में महादेव महतो, आदित्य दांगी, रुपलाल दांगी, चांदो दांगी, अरविंद दांगी सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। किसानों का कहना है कि खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और फसल नष्ट होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की ओर से हाथियों को खदेड़ने या त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने मांग की है कि हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की गहराई में वापस भेजा जाए और फसल क्षति का उचित मुआवजा शीघ्र दिया जाए। रात में खेतों की रखवाली करने को मजबूर ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि वन विभाग के सहयोग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाए और प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत दी जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।




















Total Users : 816862
Total views : 2521488