सुरक्षा और देखभाल के लिए बने रिमांड होम से आई एक खबर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक 20 वर्षीय युवती संदिग्ध हालात में मृत पाई गई… और अब परिवार इसे हादसा नहीं, बल्कि साजिश बता रहा है। घटना के बाद प्रशासन हरकत में है, लेकिन सच्चाई क्या है — यह जांच के बाद ही सामने आएगा।
देवघर। रिमांड होम में रह रही 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। देवघर एसडीएम रवि कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। हालांकि उन्होंने मीडिया से इस संबंध में कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात युवती को रिमांड होम के बाथरूम में संदिग्ध अवस्था में पाया गया। तत्परता दिखाते हुए उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों ने मौत के पीछे साजिश की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए तीन सदस्यीय चिकित्सकीय टीम गठित की गई। टीम में डॉ. डी. पासवान, डॉ. संजय कुमार और डॉ. अमरीश ठाकुर शामिल थे। मेडिकल टीम ने संयुक्त रूप से शव का पोस्टमार्टम किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।