
टंडवा (चतरा)। औद्योगिक नगरी टंडवा के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने को लेकर सरकारी जवाब पर नया विवाद खड़ा हो गया है। सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास ने विधानसभा में युवाओं के तकनीकी प्रशिक्षण की स्थिति पर प्रश्न उठाया था। इसके जवाब में 19 फरवरी को उन्हें लिखित सूचना दी गई कि टंडवा प्रखंड मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर किसुनपुर में सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र (आईटीआई) संचालित है, जहां वर्ष 2025 में 40 सीटों में से 35 पर नामांकन हो चुका है। सरकारी जवाब में यह भी कहा गया कि इस आधार पर नए प्रशिक्षण केंद्र की आवश्यकता नहीं है। हालांकि विधायक ने सदन में इस जानकारी को भ्रामक और असत्य बताते हुए इसे विशेषाधिकार का हनन करार दिया। उनका कहना है कि जमीनी स्तर पर ऐसा कोई सक्रिय आईटीआई केंद्र संचालित नहीं है, जैसा कागजों में दर्शाया गया है। स्थानीय लोगों ने भी इस पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद टंडवा के युवाओं को स्थानीय स्तर पर तकनीकी प्रशिक्षण की सुविधा नहीं मिल पा रही है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि किसुनपुर गांव में मात्र आठवीं कक्षा तक का सरकारी स्कूल दो शिक्षकों के भरोसे वर्षों से चल रहा है, ऐसे में वहां आईटीआई संचालन का दावा संदेहास्पद प्रतीत होता है। स्थानीय युवाओं ने सरकार से स्पष्ट स्थिति बताने और क्षेत्र में वास्तविक तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग की है, ताकि औद्योगिक क्षेत्र होने का लाभ यहां के युवाओं को मिल सके।





















Total Users : 814765
Total views : 2518640