
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर थाना क्षेत्र के एक गांव में बकरी चोरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने एक युवक को कथित रूप से रंगे हाथ पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, लेकिन उसे छोड़ दिए जाने की सूचना से गांव में आक्रोश फैल गया। गांव निवासी जोगेंद्र बाना ने थाना प्रभारी शिव प्रसाद को दिए आवेदन में बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी बकरी बाजार के समीप बंधी हुई थी। इसी दौरान बीते रात एक युवक बकरी खोलकर भागने लगा। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान असमाल आलम 24 वर्ष के रूप में हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि वह पूर्व में भी क्षेत्र में गाय, बैल और बकरी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर गिद्धौर थाना के हवाले कर दिया। हालांकि, उसके बाद आरोपी को छोड़ दिए जाने की सूचना से ग्रामीणों में रोष फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके बाद ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल चतरा पहुंचा और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी। इस संबंध में थाना प्रभारी शिव प्रसाद ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गरीब परिवार की जीविका पर चोट पहुंचाने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता लाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





















Total Users : 803305
Total views : 2503365