
आज दिनांक 12/02/2026 को वित्तीय साक्षरता सप्ताह 09 से 13 फरवरी 2026 के अंतर्गत बसारडीह गाँव हेसल पंचायत में जिला स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर RBI की उपमहाप्रबंधक श्रीमती बिमला भगत, सहायक महाप्रबंधक श्री अरविंद एक्का, DDM नाबार्ड श्रीमती शोभा केरकेट्टा LDM लोहरदगा श्री नितिन किशोर, RSETI निदेशक श्री सुरेश भगत मुख्य रूप से उपस्थित थे I
इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक की उपमहाप्रबंधक श्रीमती बिमला भगत ने अपने संबोधन में बताया कि भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा इस वर्ष 09 से 13 फरवरी 2026 तक “केवाईसी: सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” विषय पर वित्तीय साक्षरता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत तीन प्रमुख उप-विषयों—“अपने ग्राहक को जानें: मूलभूत सिद्धांत”, “केंद्रीय केवाईसी रजिस्ट्री (सीकेवाईसी)” तथा “खाते का उचित उपयोग: अकाउंट हाइजीन एवं अनुशासन”—पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने अवगत कराया कि भारतीय रिज़र्व बैंक वर्ष 2016 से निरंतर वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन करता आ रहा है, जो वित्तीय साक्षरता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक राष्ट्रीय अभियान के रूप में स्थापित हो चुका है। इस अभियान के माध्यम से आम जनता को केवाईसी प्रक्रिया के महत्व, सीकेवाईसी सुविधा तथा बैंक खातों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सहायक महाप्रबंधक श्री अरविंद एक्का ने अपने संबोधन में कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि केवाईसी न केवल एक अनिवार्य नियामकीय प्रक्रिया है, बल्कि यह सरल भी है, क्योंकि इसे पूरा करने हेतु सुरक्षित एवं सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध हैं। साथ ही, सेंट्रल केवाईसी (CKYC) जैसी सुविधाओं के बारे में जानकारी प्रदान कर केवाईसी प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बचत का महत्व, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन, साइबर ठगी से बचाव, बीमा एवं पेंशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार छोटी-छोटी बचत से भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि बैंक कभी भी फोन पर OTP, PIN या गोपनीय जानकारी नहीं मांगता है तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से सतर्क रहने की आवश्यकता है। डिजिटल बैंकिंग को अपनाने के साथ-साथ सुरक्षा उपायों पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर बैंक प्रतिनिधि, बीसी, एफएलसी/सीएफएल अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित थे। सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का समापन उपस्थित जनसमूह से वित्तीय रूप से जागरूक बनने एवं अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करने की अपील के साथ किया गया।























Total Users : 803261
Total views : 2503299