
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज थाना क्षेत्र के डुमरी खुर्द निवासी अनछु ठाकुर के 45 वर्षीय पुत्र कोमल ठाकुर सोमवार देर शाम सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। वर्तमान में वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं तथा उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोमल ठाकुर साइकिल से चकला अपने रिश्तेदार के यहां छठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वापस लौटने के दौरान विशनपुर गांव के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों व राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना भेजा गया। बताया जाता है कि एम्स में भी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रिम्स रांची रेफर किया गया। फिलहाल परिजन उनका इलाज रांची स्थित एक निजी अस्पताल (जुमर हॉस्पिटल) में करवा रहे हैं, जहां डॉक्टरों ने स्थिति अभी भी गंभीर बताई है। इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने आर्थिक सहयोग की अपील की है, ताकि बेहतर इलाज जारी रखा जा सके। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सहायता की मांग की है।





















Total Users : 803305
Total views : 2503365