लोहरदगा/रांची: बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में शामिल होने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग गुरुवार को रांची पहुंचे।
रांची एयरपोर्ट पर लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू और उनके सुपुत्र हर्षित साहू ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। स्वागत के बाद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि सहवाग जैसे महान क्रिकेटर का लोहरदगा आगमन पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जिले के युवा खिलाड़ी और क्रिकेट प्रेमी उन्हें देखने और उनसे प्रेरणा लेने के लिए उत्साहित हैं।
उन्होंने बताया कि इस टी-20 टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी खेल क्षमता को निखार सकें। देश के दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी युवाओं के मनोबल को बढ़ाती है। समापन समारोह 13 फरवरी को लोहरदगा में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है। सहवाग के आगमन से जिले में उत्सव जैसा माहौल है और आयोजकों ने भव्य समापन की पूरी तैयारी कर ली है।

















Total Users : 1271187
Total views : 3140216