पत्थलगड़ा (चतरा)। नमामि गंगे योजना अंतर्गत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन कार्यक्रम के तहत बुधवार को देव दीपावली सह कार्तिक पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन पत्थलगड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित बकुलिया नदी घाट पर किया गया। फल्गू की सहायक नदी के तट पर आयोजित इस भव्य गंगा आरती कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रज किशोर तिवारी, सिमरिया विधायक उज्जवल कुमार दास, अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उदल राम, थाना प्रभारी राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। यह पहली बार था जब पत्थलगड़ा में गंगा पूजन और दीपदान कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य सुरेंद्रनाथ शर्मा और अक्षवेत दयाल शर्मा द्वारा संयुक्त रुप से वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया गया। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने स्वस्तिवाचन प्रस्तुत कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि विधायक और जिप उपाध्यक्ष ने मां गंगा का आवाह्न करते हुए दीप प्रज्वलित कर गंगा आरती की। विधायक ने कहा स्वच्छ गंगा, स्वच्छ पर्यावरण और शुद्ध जल मानव सभ्यता के अस्तित्व से सीधे जुड़ा है। गंगा निर्मल रहेगी तभी धरती और मानव जीवन सुरक्षित रहेगा। वहीं जिप उपाध्यक्ष श्रीतिवारी ने कहा कि सनातन परंपरा में ऐसे अनुष्ठानों का विशेष महत्व है। मां गंगा के प्रति आस्था और कृतज्ञता का भाव समाज में सद्भावना और संस्कारों का प्रसार करता है। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि विजय दांगी, सांसद प्रतिनिधि आशीष कुमार दांगी, भाजपा महामंत्री तिलेश्वर राणा, भाजपा नेता दिनेश्वर राम, सिंघानी पंचायत मुखिया राधिका देवी, नोनगांव मुखिया कुमारी संगीता सिन्हा, पूर्व जिप सदस्य सुनीता देवी, हरीश दांगी, पूर्व मुखिया कुसुमलता कुशवाहा, अमित तिवारी, संतोष दांगी, राजेंद्र प्रजापति, वासुदेव तिवारी, महेंद्र दांगी, मुकेश दांगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल थे। इस अवसर पर पूरे घाट परिसर में दीपों की मनमोहक रोशनी से वातावरण आस्था और भक्ति में सराबोर रहा।
पत्थलगड़ा में पहली बार नमामि गंगे योजना के तहत गंगा आरती एवं दीपोत्सव का भव्य आयोजन
WhatsApp Group
Join Now
Leave a comment








