500 लीटर चुलाई शराब जब्त, 34 हजार किलो जावा-महुआ नष्ट; हजारीबाग और गया की संयुक्त टीम ने अम्बातरी-परसातरी में की छापेमारी
चौपारण। बिहार-झारखंड सीमा पर अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को हजारीबाग और बिहार के गया जिले की उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने चौपारण थाना क्षेत्र के अम्बातरी-परसातरी इलाके में छापेमारी कर अवैध शराब निर्माण के 12 ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया।
उपायुक्त हजारीबाग के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान के दौरान टीम ने मौके से लगभग 500 लीटर तैयार चुलाई शराब बरामद की। इसके अलावा शराब बनाने के लिए तैयार किए गए करीब 34 हजार किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को भी नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, बरामदगी में 200-200 किलोग्राम क्षमता वाले 130 ड्रम तथा 1000-1000 किलोग्राम क्षमता वाले आठ ड्रम शामिल थे।
एक साथ 12 अवैध शराब भट्ठियों का खुलासा और भारी मात्रा में जावा-महुआ की बरामदगी ने सीमावर्ती इलाके में चल रहे अवैध शराब निर्माण के कारोबार की व्यापकता को उजागर किया है। टीम ने सभी अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को नष्ट कर दिया।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब निर्माण में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। संबंधित संचालकों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
संयुक्त अभियान में हजारीबाग उत्पाद विभाग के निरीक्षक सौरभ कुमार झा के नेतृत्व में विभागीय कर्मी तथा गया उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक अभय यादव सहित अन्य जवान शामिल थे।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिहार-झारखंड सीमा पर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस धंधे में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
























Total Users : 1283521
Total views : 3159890