अतिक्रमण हटाने के लिए चिकित्सा प्रभारी ने सीओ को सौंपा आवेदन, दुकानदारों से अवैध वसूली और वाहनों से एजेंटी लेने का भी आरोप
चौपारण। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने एक बार फिर अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ने लगा है। अस्पताल गेट के आसपास सरकारी जमीन पर अवैध रूप से दुकानें संचालित किए जाने और सड़क तक कब्जा किए जाने से मरीजों, एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों के आवागमन में लगातार परेशानी हो रही है। अस्पताल चौक पर अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, वहीं पूर्व में कई सड़क हादसे भी हो चुके हैं। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनीकांत कुमार ने अंचल अधिकारी को लिखित आवेदन सौंपकर अस्पताल के मुख्य द्वार के आसपास सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि अस्पताल का मुख्य प्रवेश द्वार हमेशा अतिक्रमण मुक्त रहना चाहिए, ताकि गंभीर मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

वहीं, स्थानीय सूत्रों के अनुसार अस्पताल गेट के आसपास संचालित दुकानों से एक व्यक्ति द्वारा प्रतिमाह हजारों रुपये की वसूली किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। इसके अलावा बस, टेंपो समेत अन्य यात्री वाहनों से कथित रूप से अवैध एजेंटी वसूली की भी चर्चा है। सड़क पर वाहन खड़ा करने को लेकर वाहन चालकों और अतिक्रमण करने वालों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति उत्पन्न होती रहती है। हालांकि, इन वसूली संबंधी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व अंचल अधिकारी के निर्देश पर अस्पताल गेट के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई के कुछ ही दिनों बाद दोबारा दुकानें सज गईं और सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया गया। इससे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की स्थायित्व पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अब चिकित्सा प्रभारी द्वारा दिए गए आवेदन के बाद स्थानीय लोगों की निगाहें अंचल प्रशासन पर टिकी हैं। लोगों की मांग है कि अस्पताल परिसर के मुख्य द्वार को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा और कथित वसूली के मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने में किसी तरह की बाधा न हो।






















Total Users : 1280770
Total views : 3155565