दुकानदारों ने उधार राशन देना किया बंद, शिक्षकों ने विभाग को सौंपा ज्ञापन; जल्द राशि उपलब्ध कराने की मांग
चौपारण। चौपारण प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए संचालित प्रधानमंत्री पोषण योजना पर आर्थिक संकट गहराने लगा है। मध्याह्न भोजन मद में राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण अब स्कूलों में बच्चों को भोजन कराना मुश्किल होता जा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की चौपारण इकाई ने गुरुवार, 26 नवंबर को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द राशि आवंटित करने की मांग की है। संघ की ओर से बताया गया कि प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन संचालन के लिए उपलब्ध राशि कई महीनों पहले ही समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद प्रधानाध्यापक और विद्यालय प्रबंधन दुकानदारों से उधार लेकर किसी तरह बच्चों के भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण अब दुकानदारों ने भी राशन और अन्य खाद्य सामग्री उधार देने में असमर्थता जतानी शुरू कर दी है। इसका सीधा असर विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना पर पड़ने लगा है। शिक्षकों के सामने बच्चों को नियमित भोजन उपलब्ध कराने की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। 1 दिसंबर से भोजन बंद होने की दी चेतावनी शिक्षक संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 1 दिसंबर 2026 से पहले विद्यालयों को मध्याह्न भोजन संचालन की बकाया राशि उपलब्ध नहीं कराई गई, तो चौपारण प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में भोजन व्यवस्था स्थगित करने की नौबत आ सकती है। संघ ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। संघ ने विभागीय अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए अविलंब राशि जारी करने की मांग की है। शिक्षकों का कहना है कि मध्याह्न भोजन केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि बच्चों के पोषण और विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति से भी जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। आर्थिक अभाव के कारण बच्चों को इस योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में ये शिक्षक थे शामिल इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष कमलेश कुमार कमल, कोषाध्यक्ष शशिकांत शर्मा, कृष्ण कुमार वर्मा, गौतम कुमार राणा, राजेश राम, राकेश कुमार, गुलाब महतो, दालेश्वर महतो, चंदन प्रधान, अमित कुमार, रंजीत यादव, अशोक कुमार दांगी, सुरेंद्र दास, कैसर आलम, जनार्दन वर्मा, मुनेश्वर प्रसाद यादव एवं अशोक कुमार यादव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।





















Total Users : 1280770
Total views : 3155565