जीटी रोड निर्माण में एक दशक की देरी पर पूर्व विधायक ने उठाए सवाल, संसद में चौपारण की जाम समस्या उठाने की दी चुनौती
चौपारण। जीटी रोड (एनएच-19) पर चौपारण में लगातार लग रहे भीषण जाम को लेकर बरही विधानसभा के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने सांसद और स्थानीय विधायक पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जनता को जाम से स्थायी मुक्ति दिलानी है तो सांसद और विधायक को राज्य सरकार को घेरने के बजाय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जीटी रोड का सिक्सलेन निर्माण, फ्लाईओवर और ओवरब्रिज का निर्माण केंद्र सरकार के अधीन है। ऐसे में उपायुक्त से मिलने और राज्य सरकार पर आरोप लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। जनप्रतिनिधियों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष चौपारण, महूदी, पिपरा, सिंघरावां और धमना में प्रस्तावित फ्लाईओवर एवं ओवरब्रिज निर्माण का मामला उठाना चाहिए।
पूर्व विधायक ने कहा कि करीब एक दशक बीतने के बावजूद जीटी रोड का सिक्सलेन निर्माण और फ्लाईओवर का काम पूरा नहीं होना गंभीर सवाल है। आखिर इतनी लंबी अवधि के बाद भी चौपारण की जनता जाम से क्यों जूझ रही है? प्रतिदिन लगने वाले जाम से मरीजों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और यात्रियों को भारी परेशानी होती है। लोगों को घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि संसद का सत्र शुरू होने वाला है। सांसद को चौपारण की जाम समस्या, अधूरी सड़क परियोजनाओं और निर्माण में देरी का मुद्दा संसद में प्रमुखता से उठाना चाहिए। उमाशंकर अकेला ने कहा कि जनता को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि जाम से राहत चाहिए। जनप्रतिनिधि केंद्र सरकार से जवाब मांगें और परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा कराने की पहल करें। उन्होंने उक्त बातें प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही।

























Total Users : 1283346
Total views : 3159636