युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने के लिए विद्यालयों-महाविद्यालयों में चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम, 45 गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने का निर्देश; समाहरणालय में हुआ हस्ताक्षर अभियान
चतरा। युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रखने तथा आमजनों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के अंतर्गत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रवि आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त एवं अतिथियों ने अभियान से संबंधित जागरूकता पंपलेट का विमोचन किया। इसके बाद उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई। अभियान के तहत समाहरणालय परिसर में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपायुक्त रवि आनंद, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, स्वास्थ्य विभाग तथा समाहरणालय के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों ने हस्ताक्षर कर तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता जताई। साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संदेश पहुंचाने के लिए दो प्रचार रथों को उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इससे मुंह एवं फेफड़ों का कैंसर, हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि विशेषकर युवाओं को इसकी लत से बचाना आवश्यक है और तंबाकू मुक्त समाज का निर्माण सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। इसके लिए प्रशासन के साथ शैक्षणिक संस्थानों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं एवं आमजनों से तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
अभियान के तहत जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान (टोफी) के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने, जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण और हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाएगा। पोस्टर, बैनर, पंपलेट और सोशल मीडिया के जरिए भी व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 के अनुपालन को लेकर जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना, इसके दुष्परिणामों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा सामूहिक सहभागिता से चतरा जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल करना है। उपायुक्त ने पंचायती राज पदाधिकारी को जिले के 45 गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में आवश्यक पहल करने तथा पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन सतेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव



















Total Users : 1258886
Total views : 3122182