फाइनल में जगन्नाथ जैन महाविद्यालय को 1-0 से हराया, वीणा कुमारी ने किया निर्णायक गोल; बेहतर खिलाड़ियों का चयन संबलपुर में होने वाले इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट के लिए
चतरा। महिला महाविद्यालय, चतरा के तत्वावधान में दो दिवसीय विनोबा भावे विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। टूर्नामेंट का आयोजन 5 एवं 6 नवंबर को चतरा जिला मुख्यालय स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के पांच महाविद्यालयों की महिला टीमें शामिल हुईं। इनमें महिला महाविद्यालय, चतरा, चतरा महाविद्यालय, चतरा, संत कोलंबा महाविद्यालय, हजारीबाग, रामगढ़ महाविद्यालय, रामगढ़ एवं जगन्नाथ जैन महाविद्यालय, झुमरीतिलैया की टीमें थीं।
5 नवंबर को खेले गए नॉकआउट मुकाबलों के बाद जेजे कॉलेज, झुमरीतिलैया और रामगढ़ कॉलेज, रामगढ़ की टीमें फाइनल में पहुंचीं। फाइनल मुकाबले में रामगढ़ महाविद्यालय की टीम ने जगन्नाथ जैन महाविद्यालय को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। रामगढ़ की ओर से एकमात्र गोल वीणा कुमारी ने किया। वीणा कुमारी ने ही टूर्नामेंट में सर्वाधिक तीन गोल दागे।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन संबलपुर (ओडिशा) में होने वाले इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए किया गया। चयनकर्ता के रूप में विश्वविद्यालय से उत्तम कुमार एवं शुभम राजा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फाइनल के बाद विजेता और उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि चतरा महाविद्यालय एवं महिला महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. रामानंद पांडेय तथा महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलदेव राम ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों को मेडल दिए गए, जबकि टूर्नामेंट में शामिल सभी टीमों के प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। समापन समारोह में दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए एकाग्रता, अनुशासन और परिस्थितिजन्य निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाने पर बल दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला महाविद्यालय की डॉ. शोभा कुजूर, डॉ. प्रिया, राजदेव गुप्ता, विकास चतुर्वेदी, चंद्र कांत कमल, तीर्थ नाथ रजक, छोटू हेंब्रम, संतोष, प्रदीप, रूबी, कमला, नीतीश, प्रिंस, तैयब सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव



















Total Users : 1258886
Total views : 3122182