दीवार से टकराई बाइक, बसंत की मौत; चतरा-डोभी पथ पर बैरिकेडिंग से टकराने से अनुज गंभीर, गया रेफर
हंटरगंज (चतरा)। जिले के हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र के जोरी-प्रतापपुर मुख्य पथ पर बेदोली के समीप हुई, जहां बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से टकरा गई। इस हादसे में बकाइन गांव निवासी बसंत कुमार 22 वर्ष की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार अजय कुमार 20 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, करेलीबार पंचायत के बकाइन गांव निवासी बाजो गंझू के पुत्र बसंत कुमार अपने साथी बिरजू गंझू के पुत्र अजय कुमार के साथ बाइक से जोरी जा रहा था। इसी दौरान बेदोली के पास बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बसंत कुमार को मृत घोषित कर दिया। अजय कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दूसरी घटना हंटरगंज थाना क्षेत्र के चतरा-डोभी मुख्य पथ पर हुई, जहां पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग से बाइक टकरा गई। दुर्घटना में जोरी थाना क्षेत्र के सलैया गांव निवासी राजदेव यादव के 24 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान चतरा से कार से आ रहे बिहिया सरहचिया निवासी रोजगार सेवक रविन्द्र पासवान की नजर घायल युवक पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायल को अपनी कार से हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
दो अलग-अलग हादसों में एक युवक की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है। बसंत कुमार की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों दुर्घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव



















Total Users : 1258886
Total views : 3122182