सीएम सोरेन ने SIR और चुनाव आयोग की जवाबदेही पर उठाई आवाज, कहा- लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा
दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया ब्लॉक की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। सोरेन ने साफ तौर पर कहा कि वे झारखंड में या देश में कहीं भी भाजपा की विचारधारा को फलने-फूलने नहीं देंगे।
SIR और चुनाव आयोग पर सवाल:
रैली से पहले दिल्ली में आयोजित इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के बाद सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाताओं को आने वाली समस्याओं और वोट के अधिकार की रक्षा का मुद्दा रैली में उठाया गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और चुनाव आयोग की जवाबदेही जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है।
‘मॉक पार्लियामेंट’ में भी लिया हिस्सा:
रामलीला मैदान की महारैली से एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सरकारी आवास पर आयोजित ‘मॉक पार्लियामेंट’ (प्रतीकात्मक जन संसद) में भी हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस सत्र में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग प्रस्ताव’ पर चर्चा की गई, जिसमें मतदाता सूची से नाम हटाने और चुनावी पारदर्शिता से समझौते के आरोप लगाए गए।
झारखंड से भागीदारी:
रैली में झारखंड का व्यापक प्रतिनिधित्व रहा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा विधायक कल्पना सोरेन, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता दिल्ली पहुँचे थे। सोरेन ने दिल्ली से जारी अपने बयान में कहा कि “निश्चित तौर पर देश बदलाव चाहता है, और लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए यह संघर्ष जारी रहेगा।”


















Total Users : 1252935
Total views : 3113198