बारिश से कीचड़ में बदली नवादा पंचायत के सिंदूरी गांव की सड़क; ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के वादों पर जताई नाराजगी, पक्की सड़क की मांग
कुंदा (चतरा)। कुंदा प्रखंड की नवादा पंचायत के सिंदूरी गांव में कच्ची सड़क की बदहाली के कारण एक प्रसव पीड़िता को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। अस्पताल में जांच के लिए बुलाई गई एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। मरीज की हालत देखते हुए परिजनों ने उसे खटोली के सहारे करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर पक्की सड़क तक पहुंचाया।
मरीज के पिता राजदेव गंझू ने बताया कि गांव तक आने वाली सड़क कच्ची है और बारिश के कारण पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे एंबुलेंस गांव तक नहीं आ पाई। मजबूरी में परिजनों को खटोली का सहारा लेना पड़ा।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय सांसद और विधायक सड़क निर्माण समेत कई वादे करते हैं, लेकिन जीतने के बाद ग्रामीणों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते। ग्रामीणों ने झारखंड सरकार और उपायुक्त से सिंदूरी गांव तक जल्द पक्की सड़क बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में मरीजों और अन्य ग्रामीणों को ऐसी परेशानी न झेलनी पड़े।



















Total Users : 1252937
Total views : 3113202