अंबेडकर चौक के पास अज्ञात व्यक्ति झोला छोड़कर फरार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाशने में जुटी
बिहार के गोपालगंज शहर में गुरुवार को अंबेडकर चौक के समीप एक झोले से नवजात बच्ची का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति झोले में नवजात बच्ची का शव लेकर अंबेडकर चौक के पास पहुंचा था। कुछ देर वहां रुकने के बाद वह झोला छोड़कर मौके से फरार हो गया। बाद में आसपास के लोगों की नजर झोले पर पड़ी। संदेह होने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर झोले को कब्जे में लिया। जांच के दौरान उसमें नवजात बच्ची का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश
घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात बच्ची के शव को वहां कौन व्यक्ति लेकर आया था और उसे छोड़कर फरार क्यों हुआ।

घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, शव की स्थिति और नवजात की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान





















Total Users : 1189357
Total views : 3025219