बाल कलाकारों का हुआ सम्मान, विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
पत्थलगड़ा (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र में आयोजित पांच दिवसीय गणेश महोत्सव शुक्रवार को हवन-पूजन, विशाल भंडारे एवं प्रतिमा विसर्जन के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। महोत्सव के समापन की पूर्व संध्या पर बरवाडीह गणपति पूजा समिति की ओर से विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
सम्मान समारोह में गणेश महोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले स्थानीय बाल कलाकारों को मुख्य अतिथि थाना प्रभारी राकेश कुमार एवं पूजा समिति के सदस्यों ने स्मृति चिह्न व उपहार देकर सम्मानित किया। इस दौरान अतिथियों ने बाल कलाकारों की कला एवं उत्साह की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ हवन-पूजन
शुक्रवार की सुबह आचार्य चेतन शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूर्णाहुति एवं हवन-पूजन संपन्न कराया। हवन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। हवन के बाद विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों महिला-पुरुष एवं बच्चों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। नावाडीह एवं बरवाडीह गणपति पूजा समिति के पदाधिकारियों ने महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों, बाल कलाकारों एवं स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार जताया।





















Total Users : 1189355
Total views : 3025217