दो आरोपी गिरफ्तार, बंद माइंस के पानी भरे गड्ढे से बाइक का इंजन व पार्ट्स बरामद
हंटरगंज (चतरा)। चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिंदयाही गांव स्थित मुर्गा फार्म में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब पांच माह पुराने मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दुन्दु स्थित बंद माइंस के पानी भरे गड्ढे से चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक का इंजन एवं कई अन्य पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सन्नी वर्द्धन ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को सागासोत टोला स्थित सहेन्द्र यादव के मुर्गा फार्म में चोरी की घटना हुई थी। चोर वहां से मोटरसाइकिल, इन्वर्टर-बैट्री, कांटा मशीन, तीन मोबाइल फोन और मुर्गे चोरी कर फरार हो गए थे। मामले में हंटरगंज थाना कांड संख्या 49/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्य से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जावादोहर गांव निवासी दीपक कुमार एवं नागेन्द्र कुमार भुईया को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने दुन्दु स्थित बंद माइंस में छापेमारी की। यहां पानी से भरे गड्ढे से जेएच-13के-6088 नंबर की स्प्लेंडर बाइक का इंजन एवं खुले पार्ट्स बरामद किए गए। चोरी के सामान को पानी से भरे गड्ढे में छिपाकर रखा गया था।
तीन मोबाइल भी बरामद
पुलिस ने एक वीवो मोबाइल भी बरामद किया है। इसके अलावा दीपक कुमार के पास से नारजो तथा नागेन्द्र कुमार के पास से रेडमी कंपनी का मोबाइल जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार चोरी की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, थाना प्रभारी संदीप कुमार, एएसआई सुनील कुमार दुबे, तकनीकी टीम एवं हंटरगंज थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















Total Users : 1189379
Total views : 3025248