बैंक ऋण को लेकर समूह की दीदियों ने जताई नाराजगी, समस्याओं के समाधान का बैंक मैनेजर ने दिया आश्वासन
गिद्धौर (चतरा)। प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत छःघरवा में संचालित जेएसएलपीएस के तहत गिद्धौर क्लस्टर की वार्षिक आमसभा शुक्रवार को आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लस्टर अध्यक्ष शीला कुमारी ने की, जबकि संचालन आईपीआरपी सुनीता देवी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई।
आमसभा में मुख्य अतिथि बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर मनीष कुमार एवं विधायक प्रतिनिधि महादेव दांगी उपस्थित रहे। समूह से जुड़ी महिलाओं ने अतिथियों का झारखंड की पारंपरिक टोपी पहनाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान पूरे एक वर्ष के दौरान क्लस्टर से जुड़े आय-व्यय का लेखा-जोखा सैकड़ों दीदियों के बीच प्रस्तुत किया गया।
बैंक ऋण को लेकर दीदियों ने जताई नाराजगी
सभा के दौरान बैंक मैनेजर ने समूहों को बैंक से ऋण उपलब्ध कराने की बात कही। इस पर मौजूद दीदियों ने नाराजगी जताते हुए अपनी समस्याएं रखीं। महिलाओं का कहना था कि बैंक की ओर से समूहों को ऋण तो दिया जाता है, लेकिन ऋण की वापसी को लेकर प्रभावी व्यवस्था नहीं अपनाई जाती। उन्होंने समूह से जुड़े कैडर को बैंक स्तर पर परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया।
दीदियों ने यह भी कहा कि बैंक मैनेजर की ओर से समूहों को ऋण लेने के लिए दबाव बनाया जाता है, जबकि ऋण लेने के बाद समय पर राशि वापस नहीं करने वाले सदस्यों के संबंध में कोई स्पष्ट नीति नहीं अपनाई जाती। इसको लेकर सभा में मौजूद महिलाओं ने नाराजगी जताई और बैंक मैनेजर के समक्ष अपनी बात रखी।
महिलाओं की समस्याएं सुनने के बाद बैंक मैनेजर मनीष कुमार ने उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया और इसके लिए अगली अवधि तक का समय लिया। मौके पर अनिल प्रजापति, निशांत कुमार, गायत्री देवी, शीला कुमारी, संगीता कुमारी, सुमन देवी, गुड़िया देवी, सरोज कुमारी, निर्मला देवी, गीत देवी सहित सैकड़ों की संख्या में समूह की दीदियां उपस्थित थीं।





















Total Users : 1189355
Total views : 3025217