Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

बायोटेक्नोलॉजी के 15 विद्यार्थियों का दल 14 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए दिल्ली-एनसीआर रवाना

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

नोएडा के राष्ट्रीय जैविक संस्थान में मिलेगा प्रयोगशाला आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण, प्रशिक्षण का पूरा खर्च संस्थान उठाएगा

हजारीबाग, न्यूज स्केल संवाददाता। विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के बायोटेक्नोलॉजी विभाग के 15 सदस्यीय विद्यार्थियों का दल 14 दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए रविवार की देर शाम दिल्ली-एनसीआर पहुंचा। नोएडा स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय जैविक संस्थान (एनआईबी) में विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान के साथ प्रयोगशाला आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

बायोटेक्नोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. इंद्रजीत कुमार ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों को विभागीय प्राध्यापक कुमार आनंद की देखरेख में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए विद्यार्थियों के दिल्ली आने-जाने तथा 14 दिनों तक प्रशिक्षण से संबंधित संपूर्ण खर्च का वहन राष्ट्रीय जैविक संस्थान द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विभाग के पाठ्यक्रम के अनुसार द्वितीय समसत्र पूरा करने के बाद विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण का प्रावधान है। इसी क्रम में तृतीय समसत्र के विद्यार्थियों के 15 सदस्यीय दल को राष्ट्रीय जैविक संस्थान भेजा गया है।

प्रयोगशाला प्रशिक्षण से मजबूत होगा व्यावहारिक ज्ञान

डॉ. इंद्रजीत कुमार ने बताया कि कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को प्रयोगशाला के वास्तविक वातावरण में समझने का अवसर विद्यार्थियों को इस प्रशिक्षण के दौरान मिलेगा। इससे विद्यार्थी अपने पाठ्यक्रम से संबंधित विषयों को अधिक बेहतर तरीके से समझ सकेंगे और प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग कर पाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के कौशल विकास के साथ भविष्य के रोजगार और व्यावसायिक अवसरों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। प्रतिष्ठित संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करने से विद्यार्थियों को जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कार्य करने की आवश्यक व्यावहारिक समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन है एनआईबी

गौरतलब है कि राष्ट्रीय जैविक संस्थान की स्थापना वर्ष 1992 में हुई थी। यह भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के अधीन कार्यरत एक शीर्ष स्वायत्त संस्थान है। ऐसे संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करना विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक और व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। विभाग की ओर से विद्यार्थियों को इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और प्रशिक्षण के दौरान प्रयोगशाला आधारित ज्ञान एवं कौशल को गंभीरता से आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया है।

न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment